Deoghar : देवघर में नीट-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
देशभर में 21 जून 2026 को होने वाली इस पुनर्परीक्षा का आयोजन पेपर लीक मामले के बाद किया जा रहा है। परीक्षा देश के करीब 500 शहरों में आयोजित होगी, जिसमें देवघर भी शामिल है।
देवघर जिले में एएस कॉलेज, देवघर कॉलेज, रामा देवी बाजला महिला कॉलेज और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इन्हीं केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने केंद्रों पर बैठने की उचित व्यवस्था, पर्याप्त बेंच, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और प्रकाश व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हीलचेयर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी पीयूष सिन्हा, एसडीओ रवि कुमार, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर सहमति जताई।


