Dhanbad : धनबाद जिले के प्रसिद्ध मैथन डैम में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब पर्यटकों से भरी एक नाव अचानक पानी के भीतर मौजूद चट्टान से टकराकर डूबने लगी। नाव में सवार दो बच्चों समेत करीब 8 लोगों की जान सांसत में पड़ गई थी, लेकिन स्पीड बोट चालक की सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मजूमदार निवास घाट से सबुज दीप की ओर जा रही यह नाव पर्यटकों को लेकर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान नाव अनजाने में पानी के भीतर मौजूद एक बड़े पत्थर से टकरा गई, जिससे नाव का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में नाव में पानी भरने लगा और वह डूबने की स्थिति में पहुंच गई। अचानक हुई इस घटना से नाव में सवार पर्यटकों के बीच अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगे।
इसी दौरान पास से गुजर रहे स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन ने स्थिति को भांप लिया। उन्होंने बिना देर किए अपनी बोट को डूबती नाव की ओर मोड़ दिया और राहत कार्य शुरू किया। खतरे की परवाह किए बिना उन्होंने एक-एक कर सभी 8 यात्रियों को अपनी स्पीड बोट में बैठाया।
ताजुद्दीन की तेजी और साहस के कारण सभी पर्यटकों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया गया। उनकी तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया और सभी यात्रियों की जान बच गई।
घटना के बाद डैम किनारे बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में जलस्तर में लगातार गिरावट आई है, जिससे पानी के नीचे मौजूद चट्टानें और खतरनाक पत्थर ऊपर या सतह के करीब आ गए हैं।
स्थानीय नाविकों ने चिंता जताते हुए कहा कि इन हालातों में नौकायन बेहद जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि डैम में खतरनाक क्षेत्रों को चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
पर्यटकों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद राहत की सांस ली और चालक ताजुद्दीन की जमकर सराहना की। सभी यात्रियों के सुरक्षित बच जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने डैम में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


