Dumka : दुमका नगर थाना क्षेत्र के इंद्रानगर जरूवाडीह मोहल्ले में मामूली कहासुनी ने मंगलवार रात हिंसक रूप ले लिया। तीन युवकों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायलों को पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने घायल बाबी अंसारी के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ पूरी होने के बाद बुधवार को तीनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जरूवाडीह में पिछले तीन दिनों से साइकिल खेल का आयोजन चल रहा था। मंगलवार शाम बाबी अंसारी अपने दोस्तों आदिल आलम और मोहम्मद हसनैन के साथ कार्यक्रम देखने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ किशोरों के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई, जिसे आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया।
बताया गया कि विवाद खत्म होने के बाद तीनों युवक तजमूल अंसारी के घर के बाहर बैठ गए। कुछ देर बाद वही किशोर अपने साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर बाबी, आदिल और हसनैन को घायल कर दिया।
हमले के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और बाद में उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अशोक राम पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने बाबी अंसारी के बयान पर तीन किशोरों समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रात में छापेमारी कर पुलिस ने तीन मुख्य नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उन्हें बाल न्याय प्रणाली के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।



