Ranchi : रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर मंगलवार देर रात कथित रूप से पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार दो अज्ञात युवकों ने सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर कार्यालय परिसर की ओर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन बोतलें बाउंड्री के भीतर पहुंचने से पहले ही गिर गईं। घटना में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक दो संदिग्ध इस वारदात में शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) समेत विभिन्न जांच एजेंसियों की मदद ली जा रही है।
![]()
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है। फुटेज में दो युवक बोतलनुमा वस्तु कार्यालय की ओर फेंकने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। पहली बोतल में लगी आग की सुतली समय से पहले जमीन पर गिर गई, जबकि दूसरी बोतल भी अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित पेट्रोल बम तैयार करने के लिए चिली सॉस की कांच की बोतलों का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि यह स्पष्ट किया गया है कि दोनों प्रयास असफल रहे और कार्यालय परिसर को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरएसएस कार्यालय के पास स्थित एक होटल के कुछ कर्मचारियों पर संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले कार्यालय की ओर से गंदगी और अन्य कारणों को लेकर होटल के खिलाफ शिकायत की गई थी, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में किसी की आधिकारिक संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी और अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता आरएसएस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यदि हमला सफल हो जाता तो गंभीर नुकसान हो सकता था। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बातचीत की गई है और निष्पक्ष व गहन जांच की अपेक्षा जताई है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



