Dhanbad : धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में जमुआटांड़–हरिणा मार्ग पर गुरुवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान निचितपुर पंचायत-दो के खोनाठी बस्ती निवासी विनोद महतो के पुत्र सौरभ कुमार और हरिणा कॉलोनी निवासी तथा बीसीसीएल ब्लॉक-दो के सेफ्टी अधिकारी नवीन सिंह के पुत्र निशांत सिंह के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को डुमरा स्थित बीसीसीएल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक को धनबाद और दूसरे को बोकारो रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए ले जाते समय सौरभ कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
हादसे के दौरान एक अन्य बाइक सवार भी घायल हुआ, जिसकी पहचान माथाबांध निवासी अमित चौहान के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
इधर, युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हरिणा इलाके में सड़क जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है और मामले की जांच जारी है।



