Ranchi : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया के बीच निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने उनके नामांकन पत्र पर आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि नाथवानी के नामांकन पत्र में त्रुटियां पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि स्क्रूटनी के दौरान इन आपत्तियों के सामने आने के बाद मामला फिलहाल विचाराधीन है।
आपत्ति के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने परिमल नाथवानी के नामांकन को स्वीकार या अस्वीकार करने का फैसला 10 जून सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है। इस दौरान दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है।
कांग्रेस की ओर से यह आपत्ति प्रत्याशी प्रणव झा के प्रस्तावक कोलेबिरा विधायक नमन विकसल कोंगाड़ी और उनके अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा नामांकन जांच के दौरान दर्ज कराई गई। इसके बाद स्क्रूटनी प्रक्रिया में मामला फंस गया।
निर्वाची पदाधिकारी रंजीत कुमार ने परिमल नाथवानी को पत्र जारी कर आपत्तियों पर बिंदुवार जवाब देने को कहा है। उन्हें 10 जून को सुबह 11 बजे स्वयं या अपने अधिकृत प्रतिनिधि के साथ कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही संबंधित प्रत्याशी वैद्यनाथ राम और प्रणव झा को भी उसी समय उपस्थित रहने के लिए सूचना भेजी गई है, ताकि सभी पक्षों की बात सुनी जा सके और अंतिम निर्णय लिया जा सके।
हालांकि इस पूरे मामले पर चुनाव पदाधिकारी रंजीत कुमार और चुनाव ऑब्जर्वर रवि कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।



