Breaking News

दाखिल-खारिज में देरी से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, हजारीबाग में हड़कंप

Hazaribagh : हजारीबाग के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत बानादाग इलाके में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक जमीन के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में देरी से नाराज होकर करीब 100 फीट ऊंचे एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

टावर पर चढ़े युवक ने नीचे से लोगों को बताया कि वह पिछले छह महीने से अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। युवक ने कहा कि उसे लगातार केवल आश्वासन मिल रहा है, जबकि उसकी जमीन से जुड़ा मामला लंबित पड़ा हुआ है।

युवक की पहचान चतरा जिले के टंडवा प्रखंड के कटही गांव निवासी स्वर्गीय गोविंद महतो के पुत्र विकास कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। उसने कटकमदाग अंचल के फतहा गांव में जमीन खरीदी थी और उसी के दाखिल-खारिज के लिए वह प्रयासरत था।

सुबह अचानक युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही स्थानीय लोग, राहगीर और प्रशासनिक कर्मी मौके पर पहुंच गए। लोग उसे नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा और कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की धमकी देता रहा।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक को आश्वासन दिया कि उसकी समस्या का समाधान कराया जाएगा और मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि अगर समय पर दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कर दी जाती, तो युवक को इतना बड़ा कदम उठाने की जरूरत नहीं पड़ती।

इलाके में इस तरह की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ने पर लोग चिंता जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन से जुड़े मामलों में देरी और अनियमितता के कारण आम लोग मानसिक दबाव में आ रहे हैं और ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post