Ranchi : रांची में आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक और उपचुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने विभिन्न राज्यों के लिए नामों की घोषणा की।
झारखंड से कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता प्रणव झा को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। उनकी उम्मीदवारी को संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है।
AICC महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल द्वारा 4 जून 2026 को जारी सूची में कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और झारखंड के लिए उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
सूची के अनुसार, प्रणव झा वर्तमान में कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय से जुड़े संचार संबंधी दायित्वों को संभाल रहे हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

झारखंड में इस समय राज्यसभा की दो सीटें रिक्त हैं, जिनमें एक सीट भाजपा नेता दीपक प्रकाश के कार्यकाल समाप्त होने और दूसरी सीट पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई है। निर्वाचन आयोग ने इन सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया 1 जून से 8 जून तक निर्धारित की गई है। ऐसे में कांग्रेस की ओर से प्रणव झा के नाम की घोषणा को झारखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, प्रणव झा का नाम लंबे समय से चर्चा में था और संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी ने एक जमीनी कार्यकर्ता को अवसर देकर संगठन के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस फैसले से झारखंड की राजनीतिक समीकरणों में हलचल बढ़ेगी और अब झामुमो-कांग्रेस गठबंधन तथा भाजपा दोनों की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।


