Khunti: आगामी ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर खूंटी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में बुधवार को कचहरी मैदान में पुलिस द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस जवानों को किसी भी आपात स्थिति और भीड़ नियंत्रण से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। 
मॉक ड्रिल के दौरान अश्रु गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने तथा तनावपूर्ण हालात में त्वरित कार्रवाई करने का रिहर्सल किया गया। जवानों को यह बताया गया कि त्योहारों के दौरान यदि कहीं कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है, तो उस पर किस प्रकार प्रभावी तरीके से नियंत्रण पाया जा सकता है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस जवानों को पूरी तरह अलर्ट और तैयार रखना है, ताकि किसी भी परिस्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि खूंटी शहरी क्षेत्र सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। 
एसपी ने बताया कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही बाइक पेट्रोलिंग पार्टी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेगी और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। 
उन्होंने आम लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ बकरीद मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर एवं कंट्रोल रूम नंबर 9471771101 पर सूचना दी जा सकती है।



