Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), पंचायत प्रतिनिधियों एवं सभी सरकारी कार्यालयों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने कार्यालयों के बाहर तथा सार्वजनिक स्थलों पर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही इन स्थानों पर स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित की जाए, ताकि राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों को आसानी से पेयजल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने सभी उपायुक्तों को यह भी निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति कराई जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से भीषण गर्मी के इस दौर में संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जनहित सर्वोपरि है” और आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम करे।



