Khunti: कर्रा प्रखंड के सुनगी पंचायत अंतर्गत पलसा गांव में पिछले 10 दिनों से छह लावारिस भैंसों के घूमने से ग्रामीण परेशान हैं। इन भैंसों ने गांव के चौकिदार मानसिद तोपनो की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
बताया जाता है कि फसल को लगातार नुकसान से बचाने और मवेशियों को गांव में इधर-उधर भटकने से रोकने के लिए किसान मानसिद तोपनो ने सभी छह भैंसों को अपने घर में बांध कर रखा है। लेकिन अब उनके सामने इन मवेशियों के चारा-पानी और देखभाल की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार अब तक भैंसों के असली मालिक का कोई पता नहीं चल पाया है। किसान मानसिद तोपनो और उनके परिवार के लोग लगातार आसपास के गांवों में जानकारी जुटाकर मालिक की तलाश कर रहे हैं, ताकि मवेशियों को सही व्यक्ति को सौंपा जा सके।
इधर गांव के लोगों ने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से मामले में जल्द पहल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि भैंसों के मालिक का पता लगाया जाए और किसान को फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।



