Khunti: खूंटी शहर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था खुद बदहाल होती जा रही है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर लगाए गए कुल 49 सीसीटीवी कैमरों में से 12 कैमरे खराब पड़े हैं। इनमें कई ऐसे स्थान शामिल हैं जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है और जहां सुरक्षा निगरानी सबसे अधिक जरूरी मानी जाती है। 
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना, चोरी-छिनतई जैसी घटनाओं पर नियंत्रण पाना और किसी भी आपराधिक घटना के बाद पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराना है। लेकिन महत्वपूर्ण स्थानों के कैमरे बंद रहने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कैमरे खराब रहने के कारण कई इलाकों की निगरानी प्रभावित हो रही है, जिससे अपराधियों को फायदा मिल सकता है।
जानकारी के अनुसार भगत सिंह चौक से ऊपर चौक की ओर लगाए गए कैमरे खराब पड़े हैं। इसके अलावा पासा कॉलोनी, पिपरा टोली पेट्रोल पंप के समीप, तोरपा रोड स्थित बद्री चौक, नीचे चौक का पीटीजेड कैमरा, नीचे चौक से बाजार टांड़ जाने वाले मार्ग, नीचे चौक से टाउन हॉल मार्ग तथा नीचे चौक से तोरपा रोड की ओर लगे कैमरे भी बंद हैं। इस प्रकार शहर के अलग-अलग हिस्सों में कुल 12 कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बढ़ती गतिविधियों और भीड़भाड़ को देखते हुए सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा का अहम हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में कैमरों का खराब रहना चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सभी खराब कैमरों की मरम्मत कराने और नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था फिर से पूरी तरह दुरुस्त हो सके।



