Ranchi : रांची में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। बढ़ती भीड़ और ईंधन की अधिक खरीदारी को देखते हुए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिले में ईंधन की आपूर्ति, पेट्रोल पंपों पर बढ़ते दबाव और सप्लाई चेन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। तेल कंपनियों के अधिकारियों ने प्रशासन को जानकारी दी कि वर्तमान स्थिति किसी वास्तविक कमी के कारण नहीं, बल्कि लोगों के बीच फैली घबराहट की वजह से उत्पन्न हुई है। अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में लोग सामान्य जरूरत से अधिक पेट्रोल और डीजल खरीद रहे हैं, जिससे पंपों पर अस्थायी दबाव बढ़ गया है।
तेल कंपनियों ने बताया कि कई उपभोक्ता वाहनों के अलावा अतिरिक्त कंटेनरों में भी ईंधन स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे सप्लाई व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव बन रहा है और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनियों ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने उपायुक्त को भरोसा दिलाया कि सप्लाई चेन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तेल कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी की जा सकती है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी की जाए ताकि कहीं भी कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर जमाखोरी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने तेल कंपनियों को यह भी निर्देश दिया कि रांची में ईंधन की सुचारू उपलब्धता बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल खरीदें। उपायुक्त ने कहा कि अनावश्यक स्टॉकिंग से दूसरे लोगों को दिक्कत होती है और इससे अफवाहों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
इस समीक्षा बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी रजत कुमार, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय समेत आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।


