Giridihi: सुदिव्य कुमार शुक्रवार सुबह गिरिडीह के खंडीहा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सीसीएल क्रशर क्षेत्र में हुई खूनी झड़प में मारे गए दिलीप दास के परिजनों से मुलाकात की। मंत्री ने मृतक की मां कौशल्या देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से लंबी बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सरकार तथा स्थानीय प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
दरअसल, पांच मई की देर शाम सीसीएल गिरिडीह कोलियरी के सीपी साइडिंग (क्रशर) क्षेत्र में कथित कोयला चोरी को लेकर हिंसक संघर्ष हो गया था। इस दौरान खंडीहा निवासी दिलीप दास की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और परिजनों ने सीसीएल कर्मियों तथा अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे।
मंत्री सुदिव्य कुमार से बातचीत के दौरान मृतक की मां कौशल्या देवी ने बताया कि उनका बेटा दिलीप दास मंगलवार शाम अपनी बहन के घर बगुलवाटांड जा रहा था। इसी दौरान सीसीएल से जुड़े कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने सीसीएल अधिकारी रामसागर सहित अन्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिवार को सांत्वना देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने रोजगार दिलाने सहित अन्य जरूरी मदद का आश्वासन दिया। स्थानीय बोली में परिवार को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्हें टूटने की जरूरत नहीं है, पूरा समाज और सरकार उनके साथ खड़ी है। मंत्री की इस संवेदनशील बातचीत से परिवार के सदस्य भावुक हो गए।
मुलाकात के दौरान स्थानीय लोगों ने मंत्री के सामने सीसीएल सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें रखीं। ग्रामीणों का आरोप था कि सीसीएल के गार्ड स्थानीय लोगों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं, जबकि बाहरी लोगों के साथ उनकी मिलीभगत रहती है। लोगों ने कहा कि लंबे समय से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान स्थानीय पूर्व मुखिया शंकर दास, अधिवक्ता सुशील दास, जेएमएम नेता दिलीप रजक, रंजीत यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इधर, इस मामले में मुफस्सिल थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। इससे पहले जेएमएम प्रतिनिधिमंडल ने भी सीसीएल प्रबंधन से वार्ता कर पीड़ित परिवार को मुआवजा और सहयोग राशि दिलाने की मांग की थी। प्रशासन और पुलिस की नजर अब पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।



