Giridihi : झारखंड के गिरिडीह जिले में सीसीएल क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। सीसीएल के सीपी साइडिंग (क्रशर) में कर्मियों और कथित कोयला चोरों के बीच मंगलवार रात जमकर भिड़ंत हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खंडीहा निवासी दिलीप दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि झड़प के दौरान उसे चाकू मार दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मृतक के भतीजे आशीष दास ने इस मामले में सीसीएल के एक अधिकारी समेत कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दिलीप दास शाम को घर से बाहर निकले थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर चाकू से हमला कर दिया।
वहीं, सीसीएल साइडिंग में तैनात कर्मियों ने अलग ही कहानी बताई है। उनके अनुसार, 40-50 की संख्या में कथित कोयला चोरों ने कोयला लदी गाड़ियों को रोक लिया था। सूचना मिलने पर जब कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया, जिसमें कई गार्ड और कर्मी घायल हो गए।
गार्ड असगर ने बताया कि हमलावरों ने पत्थरबाजी की, वाहनों में तोड़फोड़ की और कई लोगों को चोटें आईं। उनका दावा है कि चाकूबाजी उनकी ओर से नहीं की गई, बल्कि वे खुद हमले का शिकार हुए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, सीसीएल के महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
स्थानीय प्रतिनिधि शंकर दास ने कहा कि कोलियरी क्षेत्रों में कई लोगों की आजीविका कोयला पर निर्भर है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


