Breaking News

झारखंड में करीब 44 लाख मतदाताओं के नाम कटने की आशंका, 5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के पहले चरण के पूरा होने के बाद करीब 44 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर होने की आशंका जताई जा रही है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) जमा करने की अंतिम तिथि थी, लेकिन इस अवधि में 43,74,272 मतदाताओं ने अपना फॉर्म जमा नहीं किया.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 5 अगस्त को मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल प्रकाशित किया जाएगा. जिन मतदाताओं ने निर्धारित समय तक गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, उनके नाम प्रारंभिक ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं होंगे. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मतदाता बाद में निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम दोबारा जुड़वा सकेंगे.

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण सभी संबंधित अधिकारियों, बीएलओ, बीएलए, स्वयंसेवकों और राजनीतिक दलों के सहयोग से समय पर पूरा कर लिया गया है. 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ एएसडीडी (ASDD) सूची भी प्रकाशित की जाएगी. इसकी सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को और हार्ड कॉपी मतदान केंद्र स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी.

आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं, जिनमें से 2,20,88,937 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल होने की संभावना है. वहीं 43,74,272 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किया. इसके अलावा 7,63,997 मतदाता मृत, 14,60,169 मतदाता अनुपलब्ध, 15,93,516 स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा 4,38,560 मतदाता अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत पाए गए हैं. वहीं 1,18,030 मतदाताओं ने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया.

एसआईआर प्रक्रिया का सबसे अधिक असर अनुसूचित जनजाति (ST) आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों पर देखने को मिल सकता है. राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 28 सीटें एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं. बरहेट, बोरियो, शिकारीपाड़ा, दुमका, जामताड़ा और मनोहरपुर जैसे क्षेत्रों में हजारों मतदाताओं ने अब तक गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, जिससे इन क्षेत्रों की प्रारंभिक मतदाता सूची प्रभावित हो सकती है.

रांची जिला भी सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल है. यहां 6,97,936 मतदाताओं ने इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया. हटिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,84,726, रांची विधानसभा क्षेत्र में 1,52,913 और कांके विधानसभा क्षेत्र में 1,42,667 मतदाताओं के फॉर्म लंबित रहे.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम 5 अगस्त को जारी ड्राफ्ट सूची में नहीं होगा, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है. ऐसे मतदाता फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र के साथ आवेदन कर अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं. इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाता भी 5 अगस्त से फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे.

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post