Breaking News

हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग के गुर्गे से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगी, कई संदिग्ध गिरफ्तार


Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के एक कथित गुर्गे सैयद मोहम्मद दिशान के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई अन्य संदिग्ध अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास हुई। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर जिले के संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाया गया और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई।

बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पुलिस का सामना संदिग्ध अपराधियों से हो गया। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने पहले फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान सैयद मोहम्मद दिशान घायल हो गया, जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ने में भी पुलिस को सफलता मिली।

एसपी अमन कुमार ने बताया कि घायल सैयद मोहम्मद दिशान हजारीबाग का रहने वाला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह पहले एनटीपीसी में ड्राइवर के रूप में कार्य कर चुका है और फिलहाल लातेहार क्षेत्र में काम करने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पिछले 24 घंटे के भीतर प्रिंस खान गिरोह से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है और हथियारों के लेनदेन व आपराधिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों को रोका जा सके।

गौरतलब है कि 26 जुलाई को बड़कागांव क्षेत्र में एनटीपीसी की हाईवा गाड़ियों पर अज्ञात अपराधियों ने पांच राउंड फायरिंग की थी। उस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन इसके बाद से पुलिस लगातार प्रिंस खान गैंग की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी अभियान के तहत यह मुठभेड़ हुई।

फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post