Breaking News

आंगनबाड़ी सेविका के बेटे ने NEET-2026 में लहराया परचम, राहुल राज को मिली ऑल इंडिया रैंक 3012


Dhanbad : डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर के विद्यार्थियों ने NEET-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल के छात्र राहुल राज, अदिति राज और श्रिस्ती कुमारी ने उत्कृष्ट अंक और राष्ट्रीय स्तर की रैंक हासिल कर सफलता का नया उदाहरण पेश किया है। उनकी उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

तोपचांची प्रखंड के कामता गांव निवासी राहुल राज ने NEET-2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3012 हासिल की है। ओबीसी श्रेणी में उन्हें 1136वीं रैंक मिली है। राहुल के पिता राजेंद्र प्रसाद महतो झारखंड पुलिस में बोकारो में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां आंगनबाड़ी सेविका हैं। साधारण परिवार से आने वाले राहुल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।

विद्यालय की अन्य छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अदिति राज ने 583 अंक प्राप्त करते हुए 99.15 पर्सेंटाइल हासिल किया। उनकी ऑल इंडिया रैंक 16,805 और कैटेगरी रैंक 6,468 रही। वहीं, श्रिस्ती कुमारी ने 557 अंक और 98.38 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 32,154 तथा कैटेगरी रैंक 16,805 प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

डीएवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डॉ. डी.सी. बनर्जी ने तीनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने राहुल राज की विशेष सराहना करते हुए कहा कि वह शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और प्रतिभाशाली छात्र रहा है। उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में एक सफल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेगा।

राहुल के पिता राजेंद्र प्रसाद महतो ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर था और डॉक्टर बनने का सपना देखता था। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उसने लगातार मेहनत की और आज उसकी सफलता से पूरे परिवार का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

विद्यालय प्रबंधन ने अदिति राज और श्रिस्ती कुमारी की उपलब्धि की भी सराहना करते हुए कहा कि दोनों छात्राओं ने अपनी लगन और परिश्रम से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय को उम्मीद है कि वे भी चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर समाज की सेवा करेंगी।

तीनों विद्यार्थियों की सफलता पर शिक्षकों, अभिभावकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। यह सफलता मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post