Giridihi : जमुआ थाना क्षेत्र के भिखोडीह निवासी युवक नीरज हाजरा के अपहरण और हत्या मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और जमुआ-पचम्बा मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमुआ पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर शव रख दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद नीरज की जान बचाई जा सकती थी।
मृतक के परिजनों ने जमुआ थाना प्रभारी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। नीरज की मां बॉबी देवी और पिता सुभाष हाजरा ने बताया कि नीरज राजस्थान में काम करता था और शादी के लिए 4 जुलाई को घर लौटा था। 7 जुलाई को उसकी शादी तय थी। जमुआ पहुंचने के बाद उसने अपने पिता को बुलाया था। इसी दौरान उसका होने वाला साढ़ू उसे अपने साथ ले गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों के अनुसार, 5 जुलाई को उन्होंने नीरज के गायब होने की सूचना जमुआ थाना में दी थी। उनका आरोप है कि थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कहा था कि नीरज 8 जुलाई तक वापस आ जाएगा। परिजनों का कहना है कि बार-बार संपर्क करने पर भी पुलिस की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र में एक लावारिस शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान नीरज हाजरा के रूप में की गई। इसके बाद घटना को लेकर इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा दो पुलिस टीमों को बिहार के बांका और भागलपुर भेजा गया है।
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों की मांग है कि दोषियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए।


