Sahibganj : झारखंड स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ के बैनर तले साहिबगंज नगर परिषद के करीब 130 कर्मचारी गुरुवार से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने नगर परिषद परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए बकाया वेतन और अन्य लंबित भुगतान जल्द करने की मांग उठाई। आंदोलन का नेतृत्व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शिव हरि कर रहे हैं।
हड़ताली कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में डीए-एनयूएलएम (DAY-NULM) योजना के तहत कार्यरत कम्युनिटी ऑर्गनाइजरों की बकाया मजदूरी का भुगतान, सभी नगर परिषद कर्मियों को समय पर वेतन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रिटायरमेंट के एक महीने के भीतर ग्रेच्युटी का भुगतान, आश्रितों को नियमित फैमिली पेंशन तथा अप्रैल 2026 से दिहाड़ी मजदूरों की बढ़ी हुई मजदूरी लागू करना शामिल है।
नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी मांगें उचित हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे उपायुक्त से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं को उनके समक्ष रखेंगे और समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
संघ के अध्यक्ष शिव हरि ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि हड़ताल के दौरान सफाई कर्मियों सहित नगर परिषद के कर्मचारी कार्यालय का कोई कार्य नहीं करेंगे और प्रतिदिन कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरने में शामिल एक सेवानिवृत्त टैक्स दारोगा ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वेतन और अन्य बकाया राशि के लिए उन्हें हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत के निर्देशों के बावजूद विभाग की कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने दोहराया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराया जाएगा। फिलहाल, हड़ताल के चलते नगर परिषद के कई कार्य प्रभावित होने की आशंका है और कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।


