Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को राजधानी के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत सुविधाओं, उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा खिलाड़ियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज की जर्जर आधारभूत संरचना और कई उपकरणों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेंज के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए और सभी सुविधाओं का आधुनिक मानकों के अनुरूप उन्नयन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा भी की।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण और अवसर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए शूटिंग रेंज में उपकरणों के नियमित रखरखाव, फायर सेफ्टी व्यवस्था को मजबूत करने, समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में आयोजित रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों और खेल विशेषज्ञों ने शूटिंग रेंज की बदहाल स्थिति को लेकर चिंता जताई थी। इससे पहले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी रेंज का निरीक्षण कर इसके जीर्णोद्धार की आवश्यकता पर बल दे चुके हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने शिकायत की थी कि कई इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और तकनीकी उपकरण लंबे समय से खराब हैं, जिससे अभ्यास और प्रतियोगिताओं के संचालन में दिक्कतें आती हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं के अभाव में राज्य की प्रतिभाओं को अपनी पूरी क्षमता दिखाने का अवसर नहीं मिल पाता।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद खिलाड़ियों को उम्मीद है कि शूटिंग रेंज में लंबे समय से लंबित आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से होगा। मौके पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के बाद यह शूटिंग रेंज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
