Garhwa: झारखंड सरकार के परिवहन विभाग की महत्वाकांक्षी पहल ‘परिवहन कार्यालय आपके द्वार’ अभियान के तहत गढ़वा जिले के चिनिया प्रखंड में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को अब ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि यह सुविधा सीधे उनके प्रखंड और पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही है।
शनिवार को चिनिया प्रखंड में इस अभियान का सफल शुभारंभ हुआ, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर स्थल पर पहुंचे। शिविर में दस्तावेजों की जांच से लेकर कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट तक की पूरी प्रक्रिया मौके पर ही संपन्न की गई। इस दौरान कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास कर लर्निंग लाइसेंस प्राप्त किया।
इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) धीरज प्रकाश स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने टेस्ट में सफल हुए 125 अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। डीटीओ ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं को सरल और सुलभ बनाना है।
डीटीओ ने आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में शामिल होने से पहले सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को सारथी पोर्टल पर नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या ऑनलाइन सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आवेदक अपने आवेदन का प्रिंट, आवश्यक दस्तावेज और शुल्क भुगतान की रसीद के साथ ही शिविर में उपस्थित हों।
शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया था। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, वोटर आईडी या 10वीं की मार्कशीट (आयु प्रमाण के लिए), पासपोर्ट साइज फोटो और ब्लड ग्रुप की जानकारी जैसे दस्तावेज अनिवार्य बताए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिविर में किसी भी प्रकार का नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए आवेदकों को यूपीआई या एटीएम कार्ड जैसी डिजिटल भुगतान सुविधा साथ लाने की सलाह दी गई।
परिवहन विभाग के अनुसार, यह अभियान केवल चिनिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे गढ़वा जिले के अन्य प्रखंडों और पंचायतों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के पास ही परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
शिविर के सफल आयोजन में प्रखंड प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


