Breaking News

ऑपरेशन प्रहार: पलामू पुलिस के निशाने पर नशा कारोबारी, 10 साल के रिकॉर्ड खंगाल रही जांच टीम

Palamu: जिले में नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पलामू पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस पिछले दस वर्षों में नारकोटिक्स से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है और पुराने आरोपियों की गतिविधियों पर दोबारा नजर रख रही है। अभियान का उद्देश्य नशे के कारोबार में सक्रिय नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

पुलिस सभी थाना क्षेत्रों में दर्ज नारकोटिक्स मामलों के आरोपियों का सत्यापन कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि जेल से रिहा होने के बाद आरोपी दोबारा नशे के कारोबार में शामिल हुए हैं या नहीं। इसके लिए पुराने मामलों का डिजिटल और भौतिक दोनों स्तरों पर विश्लेषण किया जा रहा है।

ऑपरेशन प्रहार के तहत पिछले तीन दिनों में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पाटन, टाउन और चैनपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर गांजा और हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी से जुड़े सभी स्तर के लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में बड़े तस्करों के साथ-साथ छोटे स्तर पर नशीले पदार्थ बेचने वाले कारोबारियों को भी निशाने पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, यही छोटे कारोबारी सीधे ग्राहकों तक नशा पहुंचाते हैं और आम लोगों के बीच रहकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करते हैं। मेदिनीनगर, चैनपुर, हुसैनाबाद और छतरपुर सहित कई इलाकों में ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने छोटे कारोबारियों की अलग सूची तैयार की है और उनके काम करने के तरीकों की भी जानकारी जुटाई है। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को ऑपरेशन प्रहार के तहत विशेष जिम्मेदारी सौंपते हुए अभियान को तेज करने के निर्देश दिए हैं।

एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि पलामू पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पिछले कुछ वर्षों में पलामू पुलिस ने विभिन्न अभियानों के दौरान ब्राउन शुगर, हेरोइन, अफीम तथा प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि जिले का नशा तस्करी नेटवर्क अक्सर गढ़वा और बिहार के सासाराम से जुड़ा रहता है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर तस्करी के संगठित गिरोहों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Tags

Edit Template