Palamu : पलामू पुलिस ने अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को हथियार की खरीद-बिक्री करते हुए पकड़ा गया।
मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के अंबेडकर पार्क के पास पुलिस ने छापेमारी कर अंशु कुमार चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया। वह हॉस्पिटल चौक इलाके का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, अंशु हथियारों की खरीद-बिक्री में शामिल था। उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई।
वहीं, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के साहद इलाके में नशे के सेवन की सूचना पर पुलिस ने एक घर में छापेमारी की। मौके से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसके बारे में जांच में पता चला कि वह मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस ने मौके से राहुल कुमार और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान पुलिस को हथियारों की तस्वीरें मिलीं। पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस की कार्रवाई में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार समेत कई अधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने इसी दौरान लूट के एक मामले का भी खुलासा किया और छोटू नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी किया गया लॉकेट बरामद किया गया।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार लोगों के पास से हथियार, कारतूस, मोबाइल और चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस अब सभी मामलों में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के खिलाफ अभियान को मजबूती मिली है। हथियारों की खरीद-बिक्री, चोरी और लूट जैसे मामलों में हुई गिरफ्तारियों के बाद पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।


