Breaking News

जामताड़ा में पुलिस एनकाउंटर में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ढेर, एफएसएल जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

Jamtara : झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। घटना के बाद पूरी रात पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर जांच में जुटी रही। सोमवार सुबह एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मॉडल कारा से धनबाद मंडल कारा शिफ्ट किया जा रहा था। रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच जामताड़ा-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर सुपयाडीह गांव के पास पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। इसी दौरान उसे दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा था।

जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी बदलने के दौरान सुजीत सिन्हा ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें वह मारा गया। एसपी ने कहा कि कितनी गोलियां चलीं और उसे कितनी गोलियां लगीं, यह जांच का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनकाउंटर की कार्रवाई साहिबगंज पुलिस ने की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर जामताड़ा-साहिबगंज मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया। घटनास्थल पर एसपी शंभू कुमार सिंह के अलावा एसडीएम अनंत कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

सोमवार सुबह एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फोरेंसिक जांच पूरी की। इसके बाद सुजीत सिन्हा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच पूरी होने तक पुलिस ने मीडिया और आम लोगों की घटनास्थल तक पहुंच सीमित रखी। एफएसएल अधिकारियों ने भी जांच पूरी होने से पहले किसी प्रकार की टिप्पणी करने से परहेज किया।

एनकाउंटर को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कुछ लोग मुठभेड़ की परिस्थितियों पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुई है। मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि जामताड़ा का यह इलाका पहले भी चर्चित पुलिस कार्रवाइयों का गवाह रहा है। वर्ष 2009 में भी दुमका से रांची ले जाए जा रहे कुख्यात अपराधी भोला पांडे की जामताड़ा के मिहिजाम क्षेत्र में गोली लगने से मौत हो गई थी। अब सुजीत सिन्हा की एनकाउंटर में मौत के बाद यह मामला भी राज्यभर में चर्चा का विषय बन गया है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post