Breaking News

लोहरदगा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दंपती की मौत, चालक फरार

Lohardaga: लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के बरवाटोली में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने कुछ ही देर बाद ट्रक को बरामद कर लिया। चालक की तलाश जारी है।

मृतकों की पहचान कुरसे गांव निवासी 24 वर्षीय वारिश अंसारी और उनकी 21 वर्षीय पत्नी सानिया खातून के रूप में हुई है। दोनों स्कूटी से सेरेंगहातु गांव स्थित अपने रिश्तेदार अली अंसारी के घर जा रहे थे। इसी दौरान बरवाटोली में साहू साइकिल दुकान के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा किया और लोहरदगा-भंडरा रोड स्थित बीएस कॉलेज पुलिस पिकेट के पास ट्रक को बरामद कर लिया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

परिजनों के अनुसार वारिश और सानिया की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। सानिया गर्भवती भी थीं। ऐसे में इस हादसे ने परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस दर्दनाक सड़क हादसे से कुरसे गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ-साथ फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post