Breaking News

हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन, पांच गुर्गे हथियारों के साथ गिरफ्तार

Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बड़कागांव थाना क्षेत्र के आराहरा इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य चार आरोपियों को भी दबोच लिया गया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कोयलांचल शांति सेना कुबेर गिरोह की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को 29 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के सहयोगी हजारीबाग के लोहसिंघना क्षेत्र में युवकों को गिरोह से जोड़कर संगठन का विस्तार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया। इसके बाद तकनीकी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान सबसे पहले आजाद नगर से मो. शमशाद उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मंडई कोलघाटी से वकास हैदर को पकड़ा गया, जिसके पास से .303 बोर की 20 जिंदा गोलियां बरामद हुईं। इसके बाद दोनों की सूचना पर बोकारो के चास निवासी अरुण कुमार सिंह और रौशन मालाकार को चरही थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस जब आरोपियों की निशानदेही पर आराहरा के बुधना घाटी पुलिया के पास पहुंची, तो वहां मौजूद अपराधियों ने पुलिस टीम पर 6 से 7 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें सैयद मोहम्मद जीशान के पैर में गोली लगी। मौके से एक देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, 23 जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। अन्य फरार अपराधियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे प्रिंस खान के करीबी बताए जा रहे अमन कुमार सिंह के नेतृत्व में कोयला खनन क्षेत्रों में लेवी वसूली, दहशत फैलाने और गिरोह का विस्तार करने का काम कर रहे थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के आराहरा 13 मील, टीपी-0/5 के पास किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अरुण कुमार सिंह के खिलाफ चास, पुतकी, बरवाड्डा, केंदुआडीह, बैंक मोड़ और कतरास थानों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत करीब आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मुठभेड़ में घायल सैयद मोहम्मद जीशान के खिलाफ लोहसिंघना थाना में पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि इस कार्रवाई से प्रिंस खान गिरोह की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही गिरोह के नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और अन्य सहयोगियों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में संगठित अपराध, लेवी वसूली और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post