Khunti: भारतीय जनता पार्टी के खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के आवासीय कार्यालय पहुंचकर खूंटी बाईपास सहित तुपुदाना से कुंदीबरटोली तक प्रस्तावित फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-20) के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अनूप साहू भी उनके साथ मौजूद रहे।
ज्ञापन में बताया गया है कि भारत सरकार द्वारा तुपुदाना से कुंदीबरटोली तक एनएच-20 के फोरलेन चौड़ीकरण एवं खूंटी बाईपास निर्माण की स्वीकृति पहले ही प्रदान की जा चुकी है तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी अधिसूचित है। इसके बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित गति से शुरू नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा से वंचित है।
आनंद कुमार ने केंद्रीय मंत्री से परियोजना की सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खूंटी बाईपास और फोरलेन सड़क बनने से रांची-खूंटी मार्ग पर यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जिले के व्यापार, उद्योग तथा पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मामले पर सकारात्मक पहल करने और परियोजना को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि खूंटी जिले के बहुप्रतीक्षित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आम जनता के हित से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे।



