Dumka : दुमका स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में बुधवार को राजकीय श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया. संथाल परगना के आयुक्त संजय कुमार, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित एवं नारियल फोड़कर मेले का उद्घाटन किया. इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संथाल परगना के आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि मेले में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि सेवा का अवसर मानकर निभाएं. उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा कि बाबा बासुकीनाथ धाम की पहचान अब देश-विदेश तक पहुंच चुकी है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जलार्पण के लिए आते हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से बासुकीनाथ के श्रावणी मेले को विश्वस्तरीय मेले का दर्जा देने की मांग की. साथ ही स्थानीय लोगों और प्रशासन से श्रद्धालुओं को अपने घर का अतिथि मानकर सहयोग करने की अपील की.
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लगभग 150 चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जबकि ठहरने की व्यवस्था के तहत 5,000 बेड क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार की गई है. साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक तकनीक से मजबूत किया गया है. पूरे मेला क्षेत्र में करीब 7,000 पुलिसकर्मियों और 700 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. इसके अलावा 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी और ड्रोन कैमरों से भी पूरे मेले पर नजर रखी जाएगी. प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा.
उपायुक्त ने कहा कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि बासुकीनाथ धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा तथा वे बेहतर अनुभव के साथ अपने घर लौटेंगे.


