Ramgarh: रामगढ़ जिले में बुधवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान झंडा चौक कुम्हार टोली निवासी सुमित अग्रवाल के रूप में हुई है, जो मंगलवार शाम से लापता था. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई है.
जानकारी के अनुसार, सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम करीब 7 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिलने के कारण कोई सुराग नहीं मिल सका. बुधवार सुबह न्यू बगिया स्थित दामोदर नदी रोड किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश फैल गया.
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा और रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मंगलवार शाम सुमित किन लोगों के संपर्क में था और वह किस उद्देश्य से न्यू बगिया-दामोदर नदी रोड की ओर गया था. इसके अलावा मृतक के परिचितों से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा.


