Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7.59 लाख रुपये नकद और ब्राउन शुगर की 20 पुड़िया बरामद की हैं। जिला पुलिस का दावा है कि ब्राउन शुगर की बिक्री से जुड़े पैसों की बरामदगी के मामले में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुख्यात अपराधी जावेद अंसारी उर्फ लालटू के घर की छत पर ब्राउन शुगर की बिक्री से प्राप्त रकम का हिसाब-किताब किया जा रहा है।
पुलिस टीम ने तड़के इलाके की घेराबंदी कर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपी छत, छज्जे और पाइप के सहारे भागने लगे। इस दौरान उन्होंने रुपयों से भरे छोटे-छोटे झोले सड़क पर फेंक दिए। हालांकि पुलिस ने सशस्त्र बलों की मदद से एक आरोपी को पीछा कर पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी आजाद अंसारी के रूप में हुई है। उसकी तलाशी के दौरान पुलिस ने 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और 7,59,650 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का मानना है कि यह रकम नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित की गई थी।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी जावेद अंसारी उर्फ लालटू के अलावा इमरान, राशिदा खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार और प्रकाश पटेल मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सभी फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ जिले में अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम ने पूरी रात मुस्तैदी के साथ अभियान चलाकर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है, जिसके लिए टीम के सदस्यों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी की कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


