Breaking News

NEET और JPSC मुद्दे पर रांची में सियासी टकराव, भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने; अंडे-टमाटर फेंके गए


Dhanbad : नीट (NEET) पेपर लीक और जेपीएससी (JPSC) भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। भाजपा द्वारा एक दिन पहले कांग्रेस कार्यालय के घेराव के बाद गुरुवार को कांग्रेस ने प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर अंडे एवं टमाटर फेंके गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान में जुटने के बाद जुलूस की शक्ल में भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा समर्थकों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के आसपास अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की। करीब 500 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई। सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी अशोक कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। भाजपा कार्यालय तक जाने वाले मार्ग पर कंटीले तार और मजबूत लोहे के बैरिकेड्स लगाए गए, जबकि पूरे क्षेत्र में तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया।

दूसरी ओर, भाजपा कार्यालय के बाहर पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और मेयर रोशनी खालखो भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन का विरोध किया। प्रशासन ने दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने के लिए लगातार सतर्कता बरती, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

कांग्रेस ने कहा कि उसका आंदोलन छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर है। पार्टी का आरोप है कि नीट पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। कांग्रेस इन मुद्दों पर जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

वहीं, धनबाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह के नेतृत्व में रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

झारखंड में नीट और जेपीएससी से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। एक दिन भाजपा और अगले दिन कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। फिलहाल रांची में पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि राजनीतिक तनातनी बनी हुई है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post