Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच में सीआईडी की कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद प्रोजेक्ट भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने सीआईडी की कार्रवाई को केवल दिखावा करार दिया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के मौजूदा हालात पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है और इन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है तथा हर मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को हर घटना को संवेदनशीलता के साथ देखना चाहिए। उनके अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों को केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि समाधान के नजरिए से देखने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में विभिन्न स्तरों पर संघर्ष और चुनौतियां देखने को मिल सकती हैं।
जेपीएससी विवाद पर मुख्यमंत्री ने दोहराया कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार किसी दुर्भावना से प्रेरित होकर काम नहीं करती। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरों से लेकर गांवों तक आम लोगों के हित में काम करना है। उनके अनुसार, सरकार केवल सत्ता पक्ष के लिए नहीं, बल्कि विपक्ष और उन सभी नागरिकों के लिए भी कार्य कर रही है, जिन्होंने सरकार का समर्थन किया हो या नहीं किया हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र, किसान, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, स्कूल और कॉलेज जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में समय लगता है, लेकिन सरकार प्रत्येक समस्या का समाधान गंभीरता के साथ करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उधर, प्रदेश भाजपा के महामंत्री अमर बावरी ने JPSC मामले में सीआईडी की कार्रवाई और आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एल. खियांग्ते के इस्तीफे पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC के साथ-साथ JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में भी अनियमितताएं हुई हैं। अमर बावरी ने कहा कि छात्रों के बढ़ते दबाव और भाजपा युवा मोर्चा द्वारा 22 जुलाई को प्रस्तावित JPSC कार्यालय घेराव के कारण सरकार कार्रवाई करती दिख रही है, लेकिन यह केवल दिखावा प्रतीत होता है। उन्होंने परीक्षा संबंधी सभी विवादित मामलों की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की।


