Khunti: खूंटी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-13 में शहरी क्षेत्र की सहिया के चयन को लेकर आयोजित चुनाव वार्ड पार्षद जूही प्रियंका के आवास पर शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सदर अस्पताल खूंटी के प्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में पूरे कार्यक्रम का संचालन पारदर्शी तरीके से किया गया।
चुनाव में सायती देवी को वार्ड-13 की नई सहिया के रूप में चुना गया। उनके चयन के साथ ही अब वार्ड में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों, जनस्वास्थ्य जागरूकता, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की जिम्मेदारी वे निभाएंगी।
वार्ड पार्षद जूही प्रियंका ने सायती देवी को सहिया चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ वार्डवासियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनुराग ओरिया (यूसीएफ), किरण देवी (एसटीटी), अली हसन अंसारी (यूपीएचसी पीएचएम), जलेश्वर नाग (यूसीएफ) तथा सहिया साथी नामले नाग सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वार्ड पार्षद ने कहा कि सभी के सहयोग से चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जो वार्ड के लिए एक सकारात्मक पहल है। वार्डवासियों ने भी नई सहिया के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जताई।



