Dumka : दुमका पुलिस ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में सक्रिय एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना मिथुन उर्फ बिशु मंडल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह झारखंड के दुमका, जामताड़ा और धनबाद के अलावा पश्चिम बंगाल के बीरभूम और मालदा जिलों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपी मिथुन मंडल पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बरामद मोटरसाइकिलें दुमका, जामताड़ा के नाला, धनबाद के सरायढेला और पश्चिम बंगाल के सिउड़ी से चोरी की गई थीं।
दुमका एसडीपीओ दिलीप खलको ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के दौरान 15 जुलाई को शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा अपनी टीम के साथ कुशपहाड़ी हाट में निगरानी कर रहे थे।
इस दौरान पुलिस ने एक युवक को मास्टर चाबी की मदद से खड़ी बाइक का लॉक खोलने का प्रयास करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मिथुन मंडल के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में पहले से 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों के साथ चोरी की बाइक पर सवार होकर दूसरी मोटरसाइकिल चोरी करने आया था। गिरफ्तारी के दौरान उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट स्थित उसके ठिकाने पर छापेमारी कर चार अन्य चोरी की बाइक बरामद कर ली।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को पश्चिम बंगाल के मालदा और फरक्का क्षेत्रों में 10 से 20 हजार रुपये में बेच देता था। ये इलाके बांग्लादेश सीमा के काफी निकट हैं, इसलिए इस पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के नेटवर्क और संभावित खरीदारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।


