Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाए जाने को बड़ी उपलब्धि बताते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार बेहतर काम कर रही है, लेकिन विपक्ष केवल आलोचना करने में जुटा रहता है। मंत्री ने दावा किया कि मेडिकल सीटों में हुई बढ़ोतरी से विपक्ष के पास अब सवाल उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब कोई जनहित का काम करता है तो उसे प्रोत्साहन और सराहना मिलनी चाहिए, लेकिन विपक्ष हमेशा उनके कामों को लेकर सवाल खड़े करता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हर समय उनके पीछे लगा रहता है, बावजूद इसके वे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के अपने लक्ष्य पर लगातार काम कर रहे हैं।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स में एमबीबीएस की सीटें बढ़ना झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मेडिकल सीटों में इजाफा हुआ है, जिससे राज्य के मेडिकल छात्रों को बेहतर अवसर मिलेंगे और डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले युवाओं को लाभ मिलेगा।
नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत अब रिम्स में एमबीबीएस की सीटें 180 से बढ़ाकर 250 कर दी गई हैं। यानी मेडिकल शिक्षा के लिए राज्य के सबसे बड़े सरकारी संस्थान में 70 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
मंत्री ने बताया कि बढ़ी हुई सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों का नामांकन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड के छात्रों को राज्य में ही मेडिकल शिक्षा हासिल करने का अधिक अवसर मिलेगा और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सरकार आने वाले समय में कई योजनाओं पर काम करेगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से भी स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए वित्तीय सहयोग की मांग की गई है और सकारात्मक सहयोग मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य झारखंड में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ अस्पतालों की व्यवस्था, डॉक्टरों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।



