Ranchi : रांची की युवा महिला उद्यमी और सामाजिक स्टार्टअप अंत्रिका की संस्थापक मानसी कुमारी को देश के प्रतिष्ठित टैली MSME ऑनर्स 2026 के वंडर वूमेन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान महिला उद्यमिता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले उद्यमियों को दिया जाता है। इस उपलब्धि ने झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
मानसी कुमारी द्वारा स्थापित अंत्रिका एक महिला-केंद्रित सामाजिक स्टार्टअप है, जो मासिक धर्म स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में काम कर रहा है। स्टार्टअप का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल सैनिटरी समाधान उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों को दूर करने और जागरूकता बढ़ाने के लिए भी लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
टैली MSME ऑनर्स 2026 का यह राष्ट्रीय सम्मान अंत्रिका के सामाजिक प्रभाव और नवाचार को मिली बड़ी पहचान माना जा रहा है। इससे न केवल मानसी कुमारी और उनकी टीम का मनोबल बढ़ा है, बल्कि झारखंड के स्टार्टअप इकोसिस्टम और महिला उद्यमिता को भी नई पहचान मिली है। यह उपलब्धि राज्य की युवा महिलाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
सम्मान मिलने पर मानसी कुमारी ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि पूरी अंत्रिका टीम, उनके परिवार, मार्गदर्शकों और उन सभी महिलाओं का है, जिन्होंने इस मिशन पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें अधिक से अधिक महिलाओं तक स्वास्थ्य, सम्मान और सतत समाधान पहुंचाने की दिशा में और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा। उनका लक्ष्य केवल उत्पाद तैयार करना नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
मानसी कुमारी वर्तमान में बीआईटी मेसरा से एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं। शिक्षा के साथ-साथ वे अपने स्टार्टअप के माध्यम से महिला स्वास्थ्य, सामाजिक नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इससे पहले भी अंत्रिका को कई राष्ट्रीय स्तर के स्टार्टअप और इनोवेशन मंचों पर सराहना और सम्मान मिल चुका है।
अंत्रिका द्वारा विकसित इको-फ्रेंडली सैनिटरी पैड प्राकृतिक तत्वों जैसे नीम और एलोवेरा से तैयार किए जाते हैं। इनमें एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद हैं, जो संक्रमण, जलन और रैशेज की संभावना को कम करने में सहायक हैं। साथ ही ये पूरी तरह बायोडिग्रेडेबल हैं, जिससे प्लास्टिक प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
अंत्रिका का उद्देश्य केवल महिलाओं को एक बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य, स्वच्छता, सम्मान और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना भी है। महिला स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे इन प्रयासों के कारण मानसी कुमारी आज देशभर की युवा महिला उद्यमियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं।



