Breaking News

चाकुलिया दौरे पर सख्त दिखे पूर्वी सिंहभूम के डीसी, योजनाओं में लापरवाही पर कार्रवाई के दिए निर्देश


Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (डीसी) राजीव रंजन ने गुरुवार को चाकुलिया प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई मामलों में लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कालियाम पंचायत के सालबोनी गांव में डीसी ने अबुआ आवास योजना के लाभुक कुलो सबर की अधूरी आवासीय स्थिति देखी। लाभुक ने बताया कि पहली किस्त मिलने के बाद मकान निर्माण शुरू हुआ, लेकिन पिछले डेढ़ वर्ष से दूसरी किस्त नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और परिवार जर्जर झोपड़ी में रहने को मजबूर है। पंचायत सचिव की ओर से भुगतान लंबित होने की बात कहे जाने पर उपायुक्त ने मामले की जांच के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि यदि लापरवाही या गलत जानकारी देने की पुष्टि हुई तो संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

दौरे के दौरान गोहलडांगरा के ग्राम प्रधान ने डीसी को बताया कि जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण सबर समुदाय के कई बच्चों का आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इस पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को दो दिनों के भीतर जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर सभी प्रमाण पत्र तैयार कर गांव में विशेष शिविर आयोजित किया जाए, जहां बच्चों के आधार कार्ड भी बनाए जाएं।

उपायुक्त ने मालकुंडी पंचायत स्थित सिंदूरगौरी प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन और गणना प्रपत्र वितरण की प्रगति की जानकारी ली तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीसी ने चाकुलिया अंचल और प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले नागरिकों को समय पर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी अमिताभ भगत, बीडीओ आरती मुंडा, अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपायुक्त को विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया और आवश्यक निर्देश प्राप्त किए।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post