Jamshedpur: मानगो थाना क्षेत्र में राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 8 जुलाई की रात मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला मजार गली के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे सहित आफताब और सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए रोड नंबर-14 स्थित जंगल क्षेत्र में ले जाया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की। इसी दौरान मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे ने अचानक भागने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सब-इंस्पेक्टर संजय द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

सिटी एसपी ने कहा कि यदि पुलिस समय रहते आत्मरक्षा में कार्रवाई नहीं करती, तो पुलिसकर्मियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई और बरामद हथियारों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि राहुल हत्याकांड की जांच अभी जारी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और संभावित सहयोगियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।


