Ramgarh: रामगढ़ पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भुरकुंडा थाना क्षेत्र में संचालित एक कथित मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। केके कोलियरी (दत्तो कोलियरी) स्थित पंचायत भवन के पीछे दिनेश विश्वकर्मा के घर में छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार बनाने के उपकरणों के साथ बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की। इस मामले में दिनेश विश्वकर्मा और उनकी पत्नी नूतन देवी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की तलाशी में तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन स्प्रिंग, लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन तथा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण और सामग्री बरामद हुई। बरामद पिस्टलों पर “Made in Japan” अंकित मिला है, जिसकी सत्यता और स्रोत की जांच की जा रही है।
![]()
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि घर में अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर भुरकुंडा थाना पुलिस ने छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सौंदा क्षेत्र से दिनेश विश्वकर्मा के भाई अनिल विश्वकर्मा को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा तैयार हथियारों की आपूर्ति किन इलाकों में की जाती थी।
स्थानीय निवासी फुलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा के घर से कई अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने का सामान बरामद किया है। उनके अनुसार, आरोपी परिवार पिछले करीब दस वर्षों से इलाके में रह रहा था और लोहार का काम करता था। पुलिस सभी बरामद सामान अपने साथ ले गई है।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि भुरकुंडा थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद हुए हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि गिरफ्तार दंपती मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से तीन अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने का सामान मिला है।
पुलिस अब बरामद हथियारों और उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है। साथ ही अवैध हथियार निर्माण और आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।



