Breaking News

पलामू हत्याकांड: मछली बांटने को लेकर हुआ विवाद, दो दोस्तों ने तीसरे को डैम में धकेला; दोनों गिरफ्तार

Palamu : जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र में धर्मेंद्र राम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मछली पकड़ने के दौरान हुए विवाद में दो दोस्तों ने मिलकर अपने तीसरे साथी को डैम में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अशोक पासवान और सुदेश भुईयां को गिरफ्तार किया है। दोनों देवगन गांव के रहने वाले हैं।

घटना 31 जुलाई की है, जब छत्तरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवगन डैम से धर्मेंद्र राम का शव बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल के साथ-साथ मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की।

छत्तरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के मुताबिक, घटना वाले दिन धर्मेंद्र राम, अशोक पासवान और सुदेश भुईयां मछली पकड़ने के लिए देवगन डैम पहुंचे थे। तीनों ने डैम में जाल लगाया और मछली पकड़ने लगे। इसी दौरान मछलियों के बंटवारे को लेकर धर्मेंद्र का दोनों दोस्तों के साथ विवाद हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद बढ़ने के बाद अशोक पासवान और सुदेश भुईयां ने कथित तौर पर मिलकर धर्मेंद्र राम को डैम में धक्का दे दिया। धक्का देने के बाद दोनों कुछ देर के लिए वहां से चले गए। बाद में दोनों दोबारा डैम के पास पहुंचे और धर्मेंद्र की तलाश शुरू की।

एसडीपीओ ने बताया कि कुछ देर बाद अशोक पासवान को धर्मेंद्र राम डैम में मिला। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोनों आरोपी शव को मौके पर ही छोड़कर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान घटनाक्रम से जुड़े अहम तथ्यों का पता चला, जिसके बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इस कार्रवाई में एसडीपीओ प्रशांत कुमार, छत्तरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे, सब इंस्पेक्टर धनजय कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारी शामिल रहे।

धर्मेंद्र राम की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। अब पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Tags

Edit Template