Khunti: तोरपा में शहीद वाल्टर गुड़िया की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का सोमवार को भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में एफसी कुंजला ने ऋषभ स्पोर्ट्स बांधगाड़ी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन एफसी कुंजला ने निर्णायक गोल दागते हुए जीत दर्ज की।
विजेता टीम एफसी कुंजला को ₹1,20,000 नकद राशि एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता ऋषभ स्पोर्ट्स बांधगाड़ी को ₹75,000 नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, सत्यारी टोली की टीम तीसरे और संत जॉन रांची की टीम चौथे स्थान पर रही। दोनों टीमों को भी सम्मानित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद एवं एसडीपीओ विजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किया। फाइनल मुकाबले से पहले अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और राष्ट्रगान के साथ मैच का शुभारंभ किया। 
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
– प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: शंकर उरांव (एफसी कुंजला)
– बेस्ट गोलकीपर: एलेक्स तिर्की (ऋषभ स्पोर्ट्स बांधगाड़ी)
– बेस्ट डिफेंडर: कशिक उरांव
– बेस्ट स्कोरर: रोहित तिग्गा
शहीद वाल्टर गुड़िया की पत्नी को किया गया सम्मानित
समापन समारोह के दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने शहीद वाल्टर गुड़िया की पत्नी राहील गुड़िया को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। एसडीपीओ विजय कुमार सिंह ने भी उन्हें पुष्पगुच्छ देकर श्रद्धांजलि स्वरूप सम्मान प्रकट किया।

समारोह में शहीद वाल्टर गुड़िया के पुत्र विश गुड़िया, जिला परिषद सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, दीपक कंडुलना, प्रमुख रोहित सुरीन, मुखिया दीप्ती गुड़िया, शिशिर तोपनो, फादर हीरालाल हुनी पूर्ति, कैसर खान, लक्ष्मी नारायण बड़ाइक, बसंत सुरीन, मार्शल मुंडू, फादर विजय डोडराय, अमृत हेमरोम, जेम्स आईंद, मोजीर अंसारी, प्रदीप केशरी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
शहीद वाल्टर गुड़िया की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि क्षेत्र में खेल भावना, युवा प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन और शहीदों के प्रति सम्मान का संदेश भी दिया।



