Breaking News

आरोग्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय सम्मेलन में लोहरदगा को मिला विशेष सम्मान, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर


Lohardaga : रांची के माहेश्वरी भवन में आयोजित आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया का दो दिवसीय अखिल भारतीय संभाग सम्मेलन (राष्ट्रीय समागम) सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में देशभर से आए प्रतिनिधियों के बीच लोहरदगा जिले को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया।

सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना तथा आरोग्य सेवकों और सेविकाओं के नेटवर्क को मजबूत बनाना था। कार्यक्रम में देश के 22 राज्यों से फाउंडेशन के प्रतिनिधि, पदाधिकारी और चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हुए। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के संयोजक जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में संगठन के वैचारिक नेतृत्व और विभिन्न राज्यों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता के रूप में भारत सरकार के पूर्व राष्ट्रीय सलाहकार एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और सेवा कार्यों के विस्तार पर अपने विचार रखे।

सम्मेलन के दौरान लोहरदगा जिले की नवगठित समिति के कार्यों की विशेष सराहना की गई। जिला अध्यक्ष डॉ. कुमुद अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय चौधरी, जिला सचिव सुनील अग्रवाल और संरक्षक नवल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों को मंच पर सम्मानित किया गया। समिति द्वारा नियमित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन के विस्तार के प्रयासों को सराहा गया।

फाउंडेशन ने लोहरदगा में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा भी की। संयोजक जय प्रकाश शर्मा के अनुरोध पर केंद्रीय समिति ने नेत्र जांच वाहन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को कुछ दिनों के लिए लोहरदगा भेजने की मंजूरी दी। इसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जल्द ही मेगा आई चेकअप कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में लोगों की नि:शुल्क नेत्र जांच की जाएगी। जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे और मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों के नि:शुल्क ऑपरेशन की भी व्यवस्था की जाएगी। फाउंडेशन का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।

सम्मेलन में 22 राज्यों के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, केंद्रीय मार्गदर्शक सर्जन डॉ. मुकुल भाटिया, डॉ. राम मोहन, श्रीमती प्रभा भट्ट, डॉ. एम.एस. भट्ट, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शिव शंकर साबू, नीलम रानी, राजनाथ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। समापन समारोह में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे सम्मेलन का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post