Garhwa : विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के दौरान मतदाताओं से पैसे मांगने के आरोप में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएलओ कुसुम देवी को निर्वाचन कार्य से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
कुसुम देवी भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र (81) के मतदान केंद्र संख्या-406 की बीएलओ थीं और धुरकी प्रखंड के झलका आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका के पद पर कार्यरत हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन पर मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाया गया था।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद भवनाथपुर के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की अनुशंसा पर कुसुम देवी को निर्वाचन कार्य से हटा दिया गया।
उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, लापरवाही या अवैध वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि SIR-2026 के दौरान कोई अधिकारी, कर्मचारी, बीएलओ या अन्य कर्मी किसी भी कार्य के बदले पैसे मांगता है या अनियमितता करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि यदि पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी व्यक्ति पैसे की मांग करे, तो इसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
शिकायत और सहायता के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- पुलिस हेल्पलाइन: 112
- चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
- झार जल टोल फ्री: 1800-3456-502
- व्हाट्सएप शिकायत नंबर: 9470176901
प्रशासन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र व्यक्तियों को सूची से बाहर रखना है। इसके लिए पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी।


