Palamu : पलामू के पांकी थाना क्षेत्र में दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों के अपहरण के मामले को लेकर मंगलवार देर शाम विरोध प्रदर्शन किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता के नेतृत्व में विशाल कैंडल मार्च निकाला गया।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने नाबालिग लड़कियों के अपहरण के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई की गति संतोषजनक नहीं है।
बताया गया कि पांकी थाना क्षेत्र से दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों के अपहरण की शिकायत सामने आई थी। मामले में जिले के कुछ लोगों पर आरोप लगाए गए थे। बाद में पुलिस ने दोनों नाबालिगों को बरामद कर लिया था।
विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता का आरोप है कि आंदोलन के दबाव के बाद दोनों लड़कियों को बरामद तो कर लिया गया, लेकिन अपहरण के आरोपियों के खिलाफ अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विधायक ने दावा किया कि पुलिस ने आनन-फानन में नाबालिगों के बयान दर्ज किए, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को कथित तौर पर धमकाया जा रहा है।
डॉ. मेहता ने मांग की कि पुलिस दोनों पीड़ित नाबालिगों का दोबारा न्यायालय में बयान दर्ज कराए और मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कैंडल मार्च के जरिए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से नाबालिग आदिवासी लड़कियों को न्याय दिलाने और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई गई।

