Palamu : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर में दो शिक्षकों के घरों पर छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार यह छापेमारी रविवार देर रात शुरू हुई और सोमवार सुबह तक चली। जांच टीम ने शिक्षक रवि कुमार सिंह और पारा शिक्षक संतोष कुमार सिंह के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान दोनों के घरों से कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए सीआईडी अपने साथ ले गई।
सीआईडी की टीम ने संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर स्थित बीएन कॉलेज के पास हमीदगंज और नौडीहा स्थित आवासों पर तलाशी ली। वहीं शिक्षक रवि कुमार सिंह के बारालोटा स्थित घर में भी गहन जांच की गई। अधिकारियों ने घरों में मौजूद दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की विस्तार से जांच की।
इस अभियान में सीआईडी के साथ पलामू पुलिस की विशेष टीम भी शामिल रही। कार्रवाई के दौरान जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी, ताकि जांच प्रक्रिया सुचारु और सुरक्षित तरीके से पूरी की जा सके।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने संयुक्त छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्रवाई JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच का हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने जांच के हित में बरामद सामग्री और अन्य पहलुओं पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
बताया जा रहा है कि JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में पलामू जिले में यह सीआईडी की पहली बड़ी छापेमारी है। जिन दो शिक्षकों के यहां कार्रवाई की गई, वे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत हैं। जांच एजेंसियां अब जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं।
सीआईडी का कहना है कि परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितताओं के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
