Ranchi : रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। निजाम नगर स्थित मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को निशाना बनाया गया। बदमाशों ने एक के बाद एक कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ लोगों में काफी आक्रोश है।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सड़क किनारे पार्क किए गए अलग-अलग कंपनियों के वाहनों में तोड़फोड़ की। हिंदपीढ़ी निवासी इमरान की कार भी इस घटना में क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात अज्ञात लोगों ने अचानक सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू किया। हालांकि, घटना को अंजाम देने के पीछे बदमाशों का मकसद क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई, जब वाहन मालिक अपने घरों से बाहर निकले। अपनी गाड़ियों के शीशे टूटे देखकर लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। लगातार कई वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने से लोगों में नाराजगी देखी गई।
तोड़फोड़ की इस घटना में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस अधिकारी के वाहन को भी निशाना बनाए जाने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस तरह की घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों का जायजा लिया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों तक पहुंचकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि वारदात को किसी एक व्यक्ति ने अंजाम दिया या फिर कई लोग इसमें शामिल थे। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तोड़फोड़ के पीछे कोई व्यक्तिगत विवाद, आपराधिक गतिविधि या अन्य वजह तो नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास से दूसरे साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिए हैं।
हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी अरुण महता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।