Breaking News

राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, नन्हें खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल


Ranchi :  झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का गुरुवार को रांची के खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 25 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से कक्षा 3 से 5 तक के बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य कम उम्र में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने किया। इस अवसर पर झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दुबे, पुष्पा हसा, ऋतुराज और मोहित अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर किया।

मुख्य अतिथि सोमेश चंद्र सोरेन ने पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जैसे शिक्षा की मजबूत नींव बचपन में रखी जाती है, उसी तरह खेलों में भी शुरुआती स्तर से प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रशिक्षण और अवसर देना आवश्यक है।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली बच्चों को संसाधनों और मंच की कमी के कारण आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता। यह प्रतियोगिता ऐसे बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा जन्म से नहीं, बल्कि अवसर मिलने से निखरती है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का लक्ष्य राज्य के हर जिले के प्रतिभाशाली बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि भविष्य में वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।

प्रतियोगिता के पहले दिन बालिका वर्ग में गुमला ने गोड्डा को 6-0, रामगढ़ ने कोडरमा को 2-0, सिमडेगा ने खूंटी को 3-0, लोहरदगा ने चतरा को 3-0, पलामू ने जामताड़ा को 6-0 और साहिबगंज ने धनबाद को 3-1 से हराया। रांची और सरायकेला के बीच मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद टाईब्रेकर में रांची ने 12-11 से जीत दर्ज की।

वहीं, बालक वर्ग के मुकाबलों में गुमला ने कोडरमा को 9-0, चतरा ने हजारीबाग को 1-0, खूंटी ने बोकारो को 9-0, गोड्डा ने कोडरमा को 6-1 और सरायकेला ने चतरा को 3-2 से हराया। खूंटी के खिलाड़ी रितिक ने बोकारो के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक सहित कुल पांच गोल दागे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राज्य खेल कोषांग और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post