Ranchi : रांची में गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस के भाजपा प्रदेश कार्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की और बैरिकेडिंग कर टकराव टालने की कोशिश की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन NEET पेपर लीक मामले और संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहले हरमू मैदान में एकत्र हुए और वहां से जुलूस के रूप में भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े।

भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए किसी भी कार्यकर्ता को आगे बढ़ने नहीं दिया।
इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता भी प्रदेश कार्यालय के बाहर जुट गए और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बैरिकेड्स के पीछे रोक दिया, ताकि दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने न आ सकें और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और नारेबाजी का दौर चलता रहा। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की दिशा में अंडे और टमाटर फेंके गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।

कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET पेपर लीक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रही थी। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के समर्थन में नारे लगा रहे थे।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी और लगातार निगरानी के कारण किसी बड़े टकराव की स्थिति नहीं बनी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रशासन ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की।



