Breaking News

पैसे मांगने के आरोपों पर विधायक सतेंद्र नाथ तिवारी का पलटवार, बोले- ‘एक चाय पिलाने का भी आरोप साबित नहीं कर सकता कोई’


Garhwa: गढ़वा जिले के रंका प्रखंड स्थित एक क्रशर प्लांट को लेकर शुरू हुए विवाद ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक सतेंद्र नाथ तिवारी ने क्रशर संचालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया था। इसके बाद क्रशर संचालक द्वारा विधायक पर पैसे मांगने का आरोप लगाए जाने पर उन्होंने प्रेस वार्ता कर इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।

विधायक सतेंद्र नाथ तिवारी ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा ईमानदारी से काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2019 तक विधायक रहने के दौरान उन्होंने क्षेत्र में किसी भी खनन माफिया को पनपने नहीं दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच बड़ी संख्या में क्रशर और पत्थर खदानों का संचालन कैसे शुरू हुआ और इसकी जवाबदेही पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर को लेनी चाहिए।

पैसे मांगने के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने कहा कि वह खुद को राजा हरिश्चंद्र नहीं बताते, लेकिन कोई भी व्यक्ति यह साबित नहीं कर सकता कि उन्होंने किसी से एक कप चाय तक पी हो। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई प्रमाण नहीं है और लगाए गए आरोप उनकी छवि धूमिल करने की साजिश हैं।

सतेंद्र नाथ तिवारी ने क्रशर संचालक पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति केवल एक मोहरा नहीं बल्कि आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। विधायक ने दावा किया कि वह उसके सभी कार्यों की जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द ही उससे जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे।

विधायक ने आरोप लगाया कि क्रशर संचालन से जुड़ी तीन सड़कों का निर्माण बिना विधिवत भूमि अधिग्रहण के किया गया है। उनके अनुसार, सड़क निर्माण में नियमों की अनदेखी की गई है और भूमि अधिग्रहण की कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि वह क्षेत्र के गरीब और प्रभावित ग्रामीणों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। विधायक ने सवाल किया कि यदि उनके प्रतिनिधियों ने वास्तव में दो महीने पहले पैसे मांगे थे, तो क्रशर संचालक ने उस समय इसकी शिकायत क्यों नहीं की। उन्होंने इसे पूरी तरह बेबुनियाद और राजनीतिक प्रेरित आरोप बताया।

प्रेस वार्ता के अंत में सतेंद्र नाथ तिवारी ने दोहराया कि क्रशर प्लांट और उससे जुड़ी सड़कों की जांच हर हाल में कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा के लिए वह आगे भी मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post